नगराम से रहस्यमय तरीके से लापता हुआ युवक, पत्नी की आंखों में आंसू, पुलिस से लगाई गुहार

नगराम टाइम्स डेस्क लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र से एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी की आंखों में आंसू हैं और पूरा परिवार चिंता में डूबा हुआ है। लापता युवक की पत्नी ने नगराम थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपने पति को तलाश करने की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला कटरा, नगराम कस्बा निवासी रन्नो ने थाना नगराम में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति राजू 5 मार्च 2025 को सुबह लगभग 11 बजे घर से निकले थे। बताया गया कि राजू अपने ऑटो से आटा लेने के लिए आरा मशीन बैंज तिराहा स्थित दुकान से आटा लेकर महिंद्रा आटो एजेंसी, आलमबाग की तरफ गए थे, जहां उन्हें वह आटा उतारना था।

पत्नी के अनुसार जब राजू वहां पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका भांजा वहां मौजूद नहीं है, जिसके कारण वह वहां से वापस लौट गए। लेकिन उसके बाद से वह घर वापस नहीं आए और न ही उनका कोई सुराग मिल पाया।

परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से भी संपर्क किया, लेकिन राजू का अब तक कोई पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि राजू का मोबाइल फोन भी उसी दिन से स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

लापता युवक राजू का हुलिया गोरे रंग का, लगभग 5.2 फीट लंबाई, आसमानी रंग की चेक शर्ट और क्रीम रंग की पैंट पहने हुए बताया गया है।

पत्नी रन्नो ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके पति को जल्द से जल्द खोजा जाए। उन्होंने कहा कि परिवार के सामने रोजी-रोटी और बच्चों की जिम्मेदारी का संकट खड़ा हो गया है और हर बीतता दिन चिंता बढ़ा रहा है।

परिवार के लोगों का कहना है कि राजू एक मेहनती और सीधा-सादा व्यक्ति है और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। ऐसे में अचानक उनका इस तरह गायब हो जाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल परिजनों ने नगराम पुलिस से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश तेज की जाए, ताकि एक परेशान परिवार को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!