नगराम में अपराधियों की उल्टी गिनती शुरू, नए थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह का बड़ा संदेश “भू-माफिया, ड्रग माफिया, जुआ-सट्टा, अवैध कब्जेदार,नशेड़ियों,आवारा लोफारो,पर रहेगी पुलिस की पैनी नज़र; बोले निर्दोष नहीं फँसेगा, दोषी किसी कीमत पर नहीं बचेगा “
जनता की सुरक्षा, निष्पक्ष कार्रवाई और कानून का राज होगा सर्वोच्च लक्ष्य
नगराम टाइम्स | हसनैन मुस्तफ़ा
नगराम (लखनऊ)। लखनऊ कमिश्नरेट के ग्रामीण क्षेत्र के ऐतिहासिक नगराम थाना को नए थाना प्रभारी के रूप में अंजनी कुमार सिंह का नेतृत्व मिल गया है। उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण करते ही स्पष्ट संदेश दिया कि “निर्दोष व्यक्ति किसी भी कीमत पर नहीं फँसेगा और दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा।”
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगराम पुलिस पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कानून के दायरे में रहकर कार्य करेगी, जिससे जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय भू-माफिया, ड्रग माफिया, अवैध शराब कारोबारियों, जुआ और सट्टा संचालकों, मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों, महिला अपराधियों, चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून का पालन करने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है, जबकि अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
अवैध कब्जेदार और फर्जी जमीन कारोबारियों पर भी शिकंजा
थाना प्रभारी ने संकेत दिए कि क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि, शत्रु संपत्ति, वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों, अतिक्रमणकारियों, फर्जी जमींदारों, सूदखोरों और संगठित भूमि माफियाओं की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कानून के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पैदल गश्त और रात्रि भ्रमण होंगे तेज

उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए नियमित पैदल गश्त, रात्रि भ्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी तथा खुफिया सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी आपराधिक घटना पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जनता की शिकायतों का होगा समयबद्ध निस्तारण
अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि नगराम पुलिस आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करेगी। थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा तथा उसका समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति, अवैध कारोबार या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ऐतिहासिक रहा है नगराम थाना
लखनऊ कमिश्नरेट के ग्रामीण क्षेत्र का ऐतिहासिक नगराम थाना, जिसकी स्थापना अंग्रेज़ी शासनकाल में हुई थी, लंबे समय से कानून व्यवस्था, गरीबों को न्याय दिलाने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए जाना जाता रहा है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में यह परंपरा और अधिक मजबूत होगी।
जनसहयोग से बनेगा अपराधमुक्त नगराम
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि “पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग ही अपराधमुक्त समाज की सबसे बड़ी ताकत है। हमारा उद्देश्य नगराम में कानून का राज स्थापित करना, अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना है।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगराम पुलिस पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और दृढ़ता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और न्याय का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।
