नगराम में दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर सोने से मना करने पर खूनी बवाल, तलवार और बेलचे से हमला, महिला समेत तीन गंभीर घायल फर्जी ज़मींदार खालिद के इशारे पर अवैध कब्जे के आरोपियों ने किया जानलेवा हमला, पीड़ित परिवार ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की

नगराम (लखनऊ)। थाना नगराम क्षेत्र के किला बंगला मोहल्ले में रास्ते पर चारपाई बिछाकर सोने और कथित रूप से अवैध कब्जा करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने तलवार, बेलचे और लाठी-डंडों से हमला कर महिला समेत तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़िता फातिमा बानो पत्नी नसीम हसन द्वारा थाना नगराम में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, मोहल्ले के रहने वाले सलमान, अरमान, सूफी पुत्रगण मोहम्मद रफी, फरहान पुत्र अरमान तथा नाजिमा पत्नी अरमान आए दिन सार्वजनिक रास्ते पर चारपाई डालकर सोते हैं तथा रास्ते में गुमटी रखकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करते हैं। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।

बताया गया कि 13 जून 2026 की रात लगभग 9:30 बजे मोहल्ले के निवासी आराफ पुत्र मसूद अख्तर घर लौट रहे थे। रास्ते में चारपाई बिछी होने के कारण उन्होंने आरोपितों से रास्ता खाली करने को कहा। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपित आग-बबूला हो गए और कथित रूप से अपने परिजनों को बुलाकर आराफ के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।

शोर-शराबा सुनकर जब फातिमा बानो तथा उनके पुत्र सोनू और अर्सलान बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोप है कि विपक्षी अपने घरों से तलवार और बेलचा लेकर आ गए और तीनों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में फातिमा बानो तथा उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपित पूर्व में भी मारपीट और विवाद की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, जिससे मोहल्ले के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।

घटना के बाद घायल पक्ष ने थाना नगराम में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, धमकी और शांति भंग करने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे और दबंगई के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

अब सभी की निगाहें थाना नगराम पुलिस पर टिकी हैं कि आखिर पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा और खुलेआम तलवार-बेलचा लेकर हमला करने के आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!