नगराम के होनहार शम्स तबरेज का अचानक निधन, सैयदवाड़ा मोहल्ले में मातम

नगराम टाइम्स ब्यूरो

नगराम (लखनऊ) : नगराम के सैयदवाड़ा मोहल्ले का लाल शम्स तबरेज, जो हाल ही में अपने पिता जुबैर खान के इंतेकाल के बाद सऊदी अरब से वतन लौटा था, अब इस दुनिया में नहीं रहा। महज़ तीन महीने पहले, अपनी माँ की ख्वाहिश पर बाराबंकी के सतरिख से शादी करने वाले शम्स तबरेज का निधन बुधवार को अचानक हो गया। उनके निधन की खबर से नगराम और खासकर सैयदवाड़ा मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।

अचानक बिगड़ी तबियत, सिविल हॉस्पिटल में हुई मौत की पुष्टि

शम्स तबरेज ने दोपहर को नमाज़ अदा की और घर लौटे। परिवार के अनुसार, उन्होंने अचानक दो बार उल्टी की और गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 28 वर्षीय शम्स तबरेज के यूं अचानक चले जाने से पूरा परिवार सदमे में है।

माँ और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पिता जुबैर खान के गुजरने के बाद, परिवार पहले ही गमगीन था। माँ को उम्मीद थी कि बेटे की शादी के बाद घर में खुशियां लौटेंगी, लेकिन यह उम्मीद भी टूट गई। शम्स तबरेज की मौत ने माँ और उनके भाइयों तुफैल और अमन को गहरे दुख में डाल दिया है।

गुरुवार को सुपुर्द-ए-खाक

शम्स तबरेज के भाइयों ने बताया कि उन्हें गुरुवार, जुमेरात को ज़ोहर की नमाज़ के बाद नगराम के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा

नगराम में शोक की लहर

सैयदवाड़ा मोहल्ले के लोग इस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। शम्स तबरेज अपने सौम्य स्वभाव और जिम्मेदार शख्सियत के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर सांसद आर.के. चौधरी, नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद सूफियान, डॉक्टर शहामत हुसैन रिज़वी और तहलका टुडे के एडिटर रिजवान मुस्तफा ने गहरा शोक प्रकट किया।

सऊदी अरब लौटने की थी तैयारी

शम्स तबरेज 12 दिसंबर को सऊदी अरब लौटने की तैयारी कर रहे थे, जहां वे एक प्रतिष्ठित कंपनी में काम करते थे। उनका यह सपना अधूरा रह गया।नगराम ने एक होनहार बेटा खो दिया, जिसका दर्द लंबे समय तक लोगों के दिलों में रहेगा। अल्लाह से दुआ है कि मरहूम की मग़फ़िरत फरमाए और परिवार को यह बड़ा ग़म सहने की ताकत दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!